सोयल पंचायत में बागवानों को विशेषज्ञ ने किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिपुर (कुल्लू)। बागवानों को बगीचा तैयार करने के लिए आधुनिक तकनीक का भी उपयोग करना चाहिए। इससे बगीचे के साथ फलों की गुणवत्ता में सुधार आएगा। यह बात सोमवार को बागवानी विभाग की बागवानी विकास अधिकारी डॉ. सीमा ठाकुर ने कही। ग्राम पंचायत सोयल के बागवानों के लिए विभाग ने सोमवार को प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया।
इसमें पंचायत के लगभग 120 बागवानों को वैज्ञानिक तकनीक से बगीचा तैयार करने और पौधे से लेकर पेड़ तक उसकी देखभाल कैसे करनी है, के बारे में जानकारी दी। बागवानों को सेब के स्टॉक रूट किस्म के 300 से अधिक पौधे भी वितरित किए। बागवानी विकास अधिकारी डॉ. सीमा ठाकुर ने कहा कि जानकारी के अभाव में अच्छा खासा बगीचा भी कई बार बागवान तबाह कर देते हैं।
बगीचे के सही प्रबंधन के लिए तौलिया बनाने से लेकर दवाओं का छिड़काव, प्रूनिंग, फसलों को निकालने तक विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता होती है। इसके लिए बागवानों को बागवानी विशेषज्ञों की सलाह लेनी चाहिए। उनके परामर्श के अनुसार ही दवाओं का छिड़काव आदि करना चाहिए। इस दौरान पंचायत प्रधान अमर ठाकुर, बागवानी विभाग से अश्मिता और लीला आदि मौजूद रहे। संवाद