शिकायत निवारण समिति सैंज ने उपायुक्त को सौंपा मांगपत्र
न्यूली खड्ड में बने दो बैली ब्रिजों की बढ़ाई जाए ऊंचाई
संवाद न्यूज एजेंसी
न्यूली (कुल्लू)। शिकायत निवारण समिति सैंज के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त कुल्लू को मांग पत्र सौंपा है। इसमें सैंज घाटी की दुर्गम पंचायत देहुरीधार को सड़क सुविधा से जोड़ने की मांग की गई। प्रस्तावित जलौरा-शफाड़ी जीप योग्य सड़क के निर्माण के लिए उपायुक्त से धनराशि का प्रावधान करने का आग्रह किया। इसके अलावा न्यूली खड्ड पर बने दो बैली ब्रिज की ऊंचाई बढ़ाने तथा खड्ड का तटीकरण करने की मांग भी उपायुक्त से की।
समिति के सदस्य महेंद्र सिंह और बिहारी लाल ने कहा कि बीते साल जुलाई में प्राकृतिक आपदा के कारण न्यूली खड्ड में बाढ़ आने से न्यूली क्षेत्र में बने दो वाहन योग्य पुल बह गए थे। वाहनों की आवाजाही के लिए लोक निर्माण विभाग ने अस्थायी तौर पर बैली ब्रिज तो बना दिए, लेकिन इनकी ऊंचाई कम है। ऐसे में इनके दोबारा बहने का खतरा बना हुआ है। इसलिए इनकी ऊंचाई बढ़ाई जाए। खड्ड का तटीकरण न होने से न्यूली से लारजी तक के क्षेत्र में सरकारी और निजी संपदा को नुकसान होने का अंदेशा बना हुआ है।
प्रशासन बरसात से पहले खड्ड का तटीकरण करवाए। साथ ही मलबा हटाया जाए ताकि खतरा टल सके। इसके लिए उपायुक्त को मांग पत्र सौंपा गया है। कहा कि उपायुक्त ने मांगों पर गौर करने का आश्वासन दिया है। इस दौरान तेजस्वी राम, देवी राम, तीर्थ राम, नीरत राम, यानदत्त, उदे राम आदि उपस्थित रहे। संवाद
000