कुल्लू। देवसदन कुल्लू शनिवार को कुल्लवी गीतों और वाद्ययंत्रों की धुनों से गूंज उठा। अवसर था जिला स्तरीय युवा उत्सव का। खेल विभाग की ओर से आयोजित युवा उत्सव में जिले के सरकारी, निजी विद्यालयों और संस्थाओं के 97 कलाकारों ने कुल्लवी परिधानों में सजकर प्रस्तुति दी। एक दिवसीय युवा उत्सव का शुभारंभ जिला खेल अधिकारी कविता ठाकुर ने किया।
उत्सव में भाषण, लोक गीत और लोकनृत्य की एकल और समूह में प्रतियोगिताएं करवाई गईं। युवा उत्सव की भाषण प्रतियोगिता में वंशिका विजेता और कल्पना गौतम उपविजेता रहीं जबकि विभोर राणा ने तृतीय स्थान हासिल किया। लोकगीत की सामूहिक प्रतियोगिता में सूत्रधार कला संगम संस्था प्रथम, देव अकादमी द्वितीय और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय आनी तृतीय स्थान पर रहा। एकल लोकगीत में रोहित चौधरी प्रथम, संजय द्वितीय और मनोज तृतीय रहे।
सामूहिक लोकनृत्य में सूत्रधार कला संगम संस्था ने पहला, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या विद्यालय सुल्तानपुर (कुल्लू) ने दूसरा और विकास खंड बंजार से आई टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया। एकल लोकनृत्य प्रतियोगिता में तारा शर्मा प्रथम, रेखा द्वितीय और भास्कर तृतीय स्थान पर रहे। युवा उत्सव के समापन अवसर पर सहायक आयुक्त शशि नेगी बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। उन्होंने विजेता कलाकारों को सम्मानित किया। संवाद