तीन जुलाई को देवसदन में होगी प्रतियोगिता, 2 तक करवा सकेंगे पंजीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला मुख्यालय में विद्यार्थी कुल्लवी बोली में भाषण देकर इनाम जीतेंगे। इसके लिए भाषा एवं संस्कृति विभाग प्रतियोगिता आयोजित करेगा। 3 जुलाई को देवसदन सभागार में होने वाली प्रतियोगिता में पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। जिला भाषा अधिकारी प्रोमिला गुलेरिया ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को कुल्लवी बोली में भाषण देना होगा।
भाषण का विषय कुल्लू की वेशभूषा, खानपान, रीति-रिवाज तथा सांस्कृतिक धरोहर रहेगा। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र एवं स्मृतिचिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने स्कूलों के प्रबंधन से आग्रह किया है कि वे प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक विद्यार्थियों के नाम 2 जुलाई तक भाषा अधिकारी कार्यालय कुल्लू में दें। संवाद