संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला कुल्लू की मणिकर्ण घाटी में स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जलूग्रां में बहुमंजिला विज्ञान प्रयोगशाला का निर्माण किया जाएगा। विद्यार्थियों को फिजिक्स, केमिस्ट्री व बायोलॉजी की आधुनिक लैब मिलेगी। लोक निर्माण विभाग ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है।
एक माह के भीतर लैब का निर्माण कार्य आरंभ किया जाएगा। इसका लाभ स्कूल में अध्ययनरत सैकड़ों विद्यार्थियों को मिलेगा। विद्यार्थी अब स्कूल में ही नए प्रयोग के लिए अभ्यास कर पाएंगे। विभाग ने भवन निर्माण के लिए डेढ़ करोड़ के बजट का प्रावधान किया है। स्कूल परिसर में विज्ञान संकाय प्रयोगशाला की जल्द बहुमंजिला इमारत तैयार की जाएगी।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में वर्तमान में 350 से अधिक विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। विद्यार्थी प्रयोगशाला (लैब) में प्रैक्टिकल भी कर सकेंगे। साइंस फैकल्टी वाले इस स्कूल में यह प्रयोगशाला जल्द शुरू होगी। स्कूल की प्रधानाचार्य भावना तनवर ने कहा कि लैब का निर्माण होने से विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। स्कूल में आधुनिक शिक्षण सुविधाएं मुहैया करवाने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षण में असुविधा न हो और वे विषय का पूर्ण ज्ञान प्राप्त कर सकें, इस बात का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के दिए निर्देश
लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता केके शर्मा ने कहा कि जलूग्रां स्कूल में डेढ़ करोड़ के बजट से तीन मंजिला विज्ञान लैब बनाई जाएगी। इसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। लैब का निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के ठेकेदार को निर्देश दिए गए हैं।