लारजी (कुल्लू)। नशा मुक्त भारत अभियान की छठी वर्षगांठ के अवसर पर पीएमश्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सैंज में बुधवार को विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डीएसपी बंजार राजकुमार और थाना प्रभारी छजूराम ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया। डीएसपी राजकुमार ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और भविष्य को प्रभावित करने वाली गंभीर सामाजिक समस्या है। युवा देश की सबसे बड़ी ताकत है और स्वस्थ एवं संस्कारवान युवा ही सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के विभिन्न रूपों, उनके दुष्प्रभावों और नशे की शुरुआत से बचने के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी गलत संगति से दूर रहें और अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेलकूद तथा रचनात्मक गतिविधियों में लगाएं। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने में भी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस दौरान डीएसपी ने विद्यार्थियों को नशे को ना, जिंदगी को हां का संकल्प दिलाया। विद्यार्थियों ने शपथ ली कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और अपने साथियों और अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार महाजन, प्रवक्ता गोविंद ठाकुर मौजूद रहे। संवाद