राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हरिपुर में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम के साथ मनाया गया। समारोह में अतिरिक्त निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. अमरदेव ने बतौर मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। इस मौके पर स्कूल की विभिन्न गतिविधियों में अव्वल रहने वाले बच्चों को मुख्यातिथि के हाथों पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
इससे पहले स्कूल प्रधानाचार्य नरातंक शर्मा ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज छात्राओं ने सरस्वती वंदना के साथ किया। वहीं, हर्षा, रितिका, रजनी और अन्य छात्राओं ने हाथा रुमाला लाहौल गीत पर नृत्य पेश कर खूब वाहवाही लूटी। इसके अलावा जाहनवी ने फिल्मी डांस प्रस्तुत किया। छात्र प्रेम ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। इसके अलावा अंजू, सुनयना और ज्योति ने एकल गान प्रस्तुत किए। इस मौके पर मुख्यातिथि ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह के समारोह से बच्चों में आत्मविश्वास पैदा होता है। इस मौके पर उच्च शिक्षा उपनिदेशक जगदीश, पूर्व विधायक चंद्रसेन, हरिपुर कॉलेज प्रधानाचार्य पीपी कायस्था, प्रधानाचार्य मंगल नेगी, एसएमसी प्रधान लाल चंद, दस महिला मंडल समूह की प्रधान सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।