कुल्लू। जिला कुल्लू में ग्रामीण डाक सेवकों की हड़ताल लगातार दूसरे दिन बुधवार को भी जारी रही। ग्रामीण डाक सेवकों की हड़ताल के चलते जिले की 95 शाखाओं में कामकाज ठप रहा। इस दौरान डाक सेवकों ने मोदी मामा मनदा नहीं, डाक सेवक री शुणदा नहीं...आदि नारे लगाकर सबका ध्यान खींचा। इस दौरान शाखाओं में मनरेगा पेमेंट, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, बचत खाता, सुकन्या समृद्धि योजना, मनीऑर्डर, सरकारी पत्रों के अदान-प्रदान आदि का कार्य नहीं हो सका।
हड़ताल के कारण डाकघर की शाखाओं में आने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं, मुख्य डाकघर ढालपुर के बाहर ग्रामीण डाक सेवक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे रहे। जिला कुल्लू ग्रामीण डाक सेवक संघ के अध्यक्ष सुजिंद्र सिंह ने कहा ग्रामीण डाक सेवकों से आठ घंटे काम लिया जाए और उन्हें नियमित कर्मचारी घोषित किया जाए।
कर्मचारी 12 से 20 साल तक का सेवाकाल पूरा करता है तो उसे विभाग द्वारा किसी तरह का इंन्क्रीमेंट नहीं लगती है। ग्रेच्युटी के 1.50 लाख रुपये ही मिल रही है, इसे बढ़ाकर पांच लाख रुपये किया जाए। स्वास्थ्य के नाम पर ग्रामीण डाक सेवकों को सुविधा शून्य मिल रही है। कर्मचारी अगर कोई गंभीर बीमारी से पीड़ित होता है तो उसे डाक विभाग के द्वारा कोई सुविधा नहीं मिलती है। जिला कुल्लू में 200 ग्रामीण डाक सेवक शुक्रवार को सड़कों पर उतरकर अपनी मांगों को लेकर रोड शो करेंगे। इस दौरान अच्छर सिंह, केहर सिंह, चेत राम, भाग चंद, चेत राम नेगी, सुशील कुमार, मोहिंद्र ठाकुर, हरी चंद, रोशन लाल, मोती लाल, लुदर सिंह और हेमराज आदि मौजूद रहे।