चोटियों में बर्फबारी और बारिश से बढ़ी ठंड
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले में मौसम आम लोगों के लिए परेशानी बन गया है। सोमवार सुबह से जहां मौसम खराब रहा वहीं शाम तक रुक-रुक बारिश होती रही। रोहतांग के साथ लाहौल की पहाड़ियों में ताजा बर्फबारी हुई।
कुल्लू के ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क में भी बर्फबारी से ठंड का प्रकोप बढ़ गया। लगातार हो रही बारिश से किसान-बागवानों के कृषि व बागवानी के कार्य नहीं हो रहे हैं। इससे मक्की की बिजाई भी प्रभावित हो रही है। किसान धर्म सिंह, कुमार सिंह, ताबे राम और निका राम ने कहा कि लहसुन निकालने के साथ गेहूं और जौ कटाई का काम प्रभावित हो रहा है। जिन किसानों ने कटाई कर रखी है उसकी थ्रेशिंग नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि मई माह की तरह जून में भी बारिश लगातार हो रही है। अधड़ से आम लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। साथ ही सेब, नाशपाती प्लम की फसलों के झड़ने का डर सताने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने पांच जून तक जिला कुल्लू में बारिश के साथ अंधड़ की संभावना जताई है। संवाद