अनुबंध की मांग के लिए एचआरटीसी वर्कशाप बाशिंग में प्रदर्शन करते पीस मील वर्कर। ...संवाद
- फोटो : Kullu
कुल्लू। हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसें अब रोजाना ब्रेक डाउन होने लगी हैं। लोकल रूटों के साथ दिल्ली को जाने वाले लंबी रूट की बसों भी खड़ी होने लगी हैं। दिल्ली से कुल्लू आ रही एक बस रास्ते में खड़ी हो गई जबकि हरिद्वार जा रही वोल्वो बस मंडी के आसपास खराब हो गई। बाद में इसे ठीक करवाकर रवाना किया।
लोकल रूटों पर चल रही बसों की नियमित अंतराल में जांच नहीं हो रही है। इस कारण बसें अब सड़क पर ही खड़ी होने लग पड़ी है। मंगलवार को भी निगम की पांच बसें ब्रेक डाउन हुई हैं। एक साथ 20 बसें मरम्मत के लिए वर्कशाप में पहुंची। कुल्लू - भेखली - ब्यासर रूट पर में एक, कुल्लू-रूमसू वाया नग्गर रूट पर एक और बंजार में तीन बसें ब्रेक डाउन हुईं। बसों की ब्रक डाउन होने के चलते निगम को इन रूटों पर बसों का संचालन नहीं कर पाया है। इससे यात्रियों समेत निगम की परेशानियां बढ़ने लगी है।
निगम का कुल्लू डिपो वर्तमान में 186 लोकल और 12 लंबे रूटों पर बसों का संचालन कर रहा है। लेकिन मंगलवार को निगम को मजबूरन दस लोकल रूटों पर बसों का संचालन रोकना पड़ा है। पीस मील कर्मचारियों की टूल डाउन हड़ताल ने निगम को परेशानी में डाल दिया है। बाशिंग स्थित वर्कशाप में रोजाना दस से 15 बसें मरम्मत के लिए पहुंच रहीं है। लेकिन मंगलवार को 20 बसों को आवयश्क रखरखाव के लिए वर्कशाप भेजना पड़ा। ऐसे में निगम को दस रूटों को बंद करना पड़ा। इस कारण यात्रियों को परेशान होना पड़ा है। निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक डीके नारंग ने कहा कि हड़ताल के कारण बसों की मरम्मत न होने से दिक्कतें बढ़ी है। यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए रूट समायोजित कर चलाए जा रहे हैं।
इन रूटों पर प्रभावित रही बस सेवा
कुल्लू-भेखली-ब्यासर, कुल्लू-रूमसू वाया नग्गर, कुल्लू-सजूणी-ब्यासर वाया रायसन, कुल्लू-भुंतर-एक, कुल्लू-बंजार-3, कुल्लू-थाच माशणा, सैंज-कांडा, कुल्लू-मलाणा रूट पर बसों का संचालन नहीं हो पाया। इस कारण यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानियों का सामना करना पड़ा।