दलासनी में स्टील ट्रस पुल निर्माण के लिए काम में जुटे मजदूर। संवाद
दलासनी में पुल बनने के बाद कुल्लू और मंडी के बीच हो सकेगी आवाजाही
एपीएमसी अध्यक्ष ने लिया जायजा, जल्द निर्माण कार्य पूरा करने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। तहसील भुंतर के तहत दलासनी में ब्यास नदी पर स्टील ट्रस पुल का निर्माण किया जा रहा है। ब्यास नदी पर बनने वाले इस पुल पर करीब चार करोड़ की राशि खर्च की जा रही है।
पुल बनने से कुल्लू और मंडी के बीच आवाजाही हो सकेगी। दलासनी में जिस जगह यह पुल बन रहा है, यह क्षेत्र कुल्लू जिले में आता है। पुल के दूसरे छोर पर मंडी जिले का पनारसा इलाका है। ऐसे में पुल लगने से बड़े वाहन भी यहां से आवाजाही कर सकेंगे। इससे पहले यहां छोटे फुटब्रिज की व्यवस्था थी। पुल बनने से कुल्लू जिले की ग्राम पंचायत रोट, ग्राम पंचायत हुरला सहित अन्य क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा। गौर रहे कि एक दिन पहले एपीएमसी कुल्लू और लाहौल-स्पीति के अध्यक्ष राम सिंह मियां ने दाड़ी-दलासनी पुल के निर्माण कार्य का जायजा लिया था। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और पुल का काम करने वाले ठेकेदार को जल्द इसका कार्य पूरा करने के लिए कहा था। एपीएमसी कुल्लू एवं लाहौल-स्पीति के अध्यक्ष राम सिंह मियां ने कहा कि जल्द पुल बनकर तैयार होगा। इसके बाद इसे जनता को समर्पित कर वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप कर की जाएगी।
दलासनी में पुल का काम तेजी से चल रहा है। 31 मार्च से पहले इसे तैयार करने का लक्ष्य रखा है। ब्यास नदी पर स्टील ट्रस ब्रिज बनने से क्षेत्र की सैकड़ों की आबादी को राहत मिलेगी। - पंकज ठाकुर, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग