एसएसबी गुरिल्ला प्रशिक्षित स्वयंसेवी संगठन कुल्लू की सोमवार को ढालपुर में बैठक हुई। इसके बाद गुरिल्लाओं ने ढालपुर स्थित पुराने स्टेट बैंक से लेकर उपायुक्त कार्यालय तक रैली निकाली।
रैली के बाद गुरिल्ला संगठन ने जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह नेगी की अध्यक्षता में एडीएम कुल्लू विनय सिंह ठाकुर के माध्यम से गृहमंत्री राजनाथ सिंह को रिमाइंडर भेजा है। उपायुक्त कार्यालय के बाहर सभा को संबोधित करते हुए अध्यक्ष प्रेम सिंह नेगी ने संगठन के लोगों को चेताया कि अब हर मासिक बैठक में भाग लें अन्यथा बिना बताए तीन बैठकों में हाजिर न होने पर पदाधिकारियों तथा सदस्यों की सदस्यता रद्द कर दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने अभी निर्धारित कोर्ट फीस को जमा नहीं किया, उसका नाम भी कोर्ट लिस्ट से काटा जाएगा और संगठन इसके लिए जिम्मेदार नहीं होगा। इस दौरान संगठन के मुख्य सलाहकार प्रीतम सिंह ठाकुर ने 17 जनवरी को दिल्ली में हुई गुरिल्ला की राष्ट्रीय बैठक के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केस की सुनवाई 22 फरवरी को होगी। इस मसले को लेकर उनके तथा सरकार के वकील के बीच बहस होगी। उन्होंने कहा कि इसी दिन केस का फैसला भी आएगा। उन्होंने कहा कि 2366 स्वयंसेवियों की सूची कोर्ट को भेजी गई है। बावजूद इसके अगर कोई छूट गए हो तो वह दस फरवरी तक अपना नाम दर्ज करवा सकते हैं। इस मौके पर संगठन के महिला विंग की अध्यक्ष मीना शर्मा, प्रवक्ता चुनी लाल, वरिष्ठ उपप्रधान रूप चंद राणा, भगत राम, शांतिराणा, रोबू राम, दयाल सिंह, गिरधारी लाल, चिंता देवी, देवकी, लीला देवी, विद्या देवी, जगती देवी, मैना देवी तथा पदमा देवी आदि मौजूद रहे।