अमेरिका के वर्जीनिया में आयोजित विश्व पुलिस फायर गेम्स में सशस्त्र सीमा बल के कांस्टेबल मोनू कुमार ने दो गोल्ड और पांच सिल्वर सहित सात मेडल जीतकर भारत और एसएसबी का नाम रोशन किया है।
मोनू कुमार ने राइफल की दस और पचास मीटर रेंज में ये मेडल जीते हैं। मेडल जीतने के बाद पहली बार शमशी स्थित एसएसबी के प्रशिक्षण केंद्र पहुंचे कांस्टेबल मोनू कुमार का शानदार स्वागत किया गया। केंद्र परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में कमांडेंट संजीव यादव ने बताया कि विश्व पुलिस फायर गेम्स में 130 देशों के कुल 12,954 प्रतिभागियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लिया। इनमें भारतीय दल के पांच निशानेबाज भी शामिल थे।
मोनू द्वारा सात मेडल जीतना देश और एसएसबी के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। इससे पहले भी मोनू विभिन्न प्रतियोगिताओं में सराहनीय प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाली विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं और ओलंपिक खेलों में भी वह उम्दा प्रदर्शन करेंगे। मोनू कुमार ने कहा कि एसएसबी में निशानेबाजी के लिए उपयुक्त माहौल, सुविधाओं तथा प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन के कारण ही यह संभव हो पाया है। सम्मान समारोह में डिप्टी कमांडेंट अनिल पठानिया, डॉ. राजीव रंजन, सहायक कमांडेंट शिव राम, एसएओ देवी चंद आदि मौजूद रहे।