उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। लाहौल के त्रिलोकनाथ में मनाए जाने वाले राज्य स्तरीय पोरी मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पोरी मेले की रूपरेखा तैयार कर ली है।
पोरी मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं एसडीएम उदयपुर केशव राम ने कहा कि राज्य स्तरीय पोरी मेला त्रिलोकनाथ में 16 से 18 अगस्त तक मनाया जाएगा। मेले में दिन के समय विभिन्न खेलकूद प्रतिस्पर्धाएं होंगी। इसमें कबड्डी, वॉलीबाल, रस्साकशी, बैडमिंटन, टेबल टेनिस के मुकाबले होंगे। मैराथन प्रतियोगिता और रात्रि संध्या में रंगारंग कार्यक्रम भी होंगे।
इंडोर स्टेडियम उदयपुर में 13 अगस्त को बैडमिंटन और टेबल टेनिस प्रतियोगिता होगी। 14 अगस्त को मैराथन स्पोर्ट्स स्टेडियम उदयपुर से कुकुमसेरी और फिर वापस उदयपुर तक होगी। इसमें पुरुष, महिला और 16 वर्ष से कम आयु वर्ग के लड़के-लड़कियां भाग लेंगे।
16 से 18 अगस्त तक त्रिलोकनाथ में रस्साकशी स्पर्धा होगी। वाॅलीबाल की विजेता टीम को 11000, उपविजेता को 5100 रुपये पुरस्कार मिलेगा। इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित तिथियों से एक दिन पहले तक पंजीकरण खेल समिति के पास करवाएं। संवाद