प्रदेश विधानसभा की लोक लेखा समिति ने दिए लाहौल-स्पीति के अधिकारियों को निर्देश
बैकवर्ड सब प्लान, ट्राइबल सब प्लान में जिले के लिए आवंटित धनराशि का ब्योरा मांगा
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। प्रदेश विधानसभा की लोक लेखा समिति के सभापति अनिल शर्मा ने कहा कि सरकार से जो अलग-अलग योजनाओं में धन आता है, उसे समय रहते खर्च किया जाए। इससे लोगों को योजनाओं का सही मायने में लाभ मिलेगा।
अनिल शर्मा ने रविवार को जिला मुख्यालय केलांग में बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि समिति पहली बार लाहौल-स्पीति जिले के प्रवास पर है, जिससे ऑडिट पैरों को खत्म किया जा सके। कहा कि समिति आने वाले समय में हर जिले का दौरा करेगी।
उन्होंने विभागों से जिले को बैकवर्ड सब प्लान और ट्राइबल सब प्लान में आवंटित धनराशि का 3 वर्षों में हुए कार्यों का ब्योरा मांगा। इस दौरान समिति ने वर्ष 2018 से 2021 तक के लंबित ऑडिट पैरा की समीक्षा की। विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए। समिति की बैठक में तकनीकी शिक्षा, राजस्व, जल शक्ति एवं राजस्व सहित अन्य विभागों से संबंधित ऑडिट पैरा पर विस्तृत चर्चा की गई। उपायुक्त किरण भड़ाना ने समिति के सभापति और सभी सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि बैठक में समिति की ओर जारी दिशा-निर्देशों और सुझावों की जिले में अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी।
इससे पहले लोक लेखा समिति के सदस्यों ने शिंकुला पास और दीपक ताल का भी दौरा किया। इस दौरान समिति के सदस्य एवं उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक डॉ. हंस राज, जीत राम कटवाल, इंद्र सिंह, डॉ. जनक राज, मलेंद्र राजन और कैप्टन रंजीत सिंह, एसपी इलमा अफरोज, डीएफओ अनिकेत, एसडीएम केलांग आकांशा शर्मा, एसडीएम उदयपुर अलीशा, डीएसपी रश्मि आदि मौजूद रहे।