कुल्लू। जिला कुल्लू और लाहौल में 18 से 22 फरवरी तक बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में जिला प्रशासन ने पांच दिन का अलर्ट जारी कर पर्यटकों और आम लोगों से बर्फीले इलाकों का रुख न करने के लिए कहा है।
जिला लाहौल-स्पीति में अभी आम जनजीवन पूरी तरह से पटरी पर नहीं लौटा है। घाटी में 30 से अधिक संपर्क मार्ग बंद हैं। कुल्लू में औट-बंजार-सैंज हाईवे-305 के साथ मनाली-केलांग हाईवे तीन पर अभी 18 दिनों से बसें नहीं दौड़ पा रही हैं। बारिश, बर्फबारी के अलर्ट से जिले के किसान और बागवान गदगद हैं।
पर्यटन स्थल और स्नो प्वाइंट अटल टनल रोहतांग, हामटा, जलोड़ी दर्रा, सोलंगनाला, सोझा आदि संवेदनशील जगहों की ओर आवाजाही न करने को लेकर एडवायजरी जारी की है। प्रशासन ने आम नागरिकों और पर्यटकों से ऊंचाई वाले इलाकों में न जाने के लिए कहा है। एडीएम कुल्लू अश्वनी कुमार ने कहा कि बर्फबारी होने पर पर्यटकों के साथ आम लोग सतर्क रहें।
मौसम खराब रहने पर कोई भी व्यक्ति किसी भी तरह की आपदा को लेकर 1077 नंबर पर फोन कर मदद मांग सकता है। उपायुक्त लाहौल-स्पीति राहुल कुमार ने भी बर्फबारी की संभावना को देखते हुए आम लोगों को बर्फ वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है। संवाद