शीत मरूस्थल लाहौल के कोकसर में स्की प्रतियोगिता के दौरान भाग लेते प्रतिभागी।
- फोटो : अमर उजाला
कोकसर के समीप स्की स्लोब पर दो दिवसीय स्कीइंग प्रतियोगिता का समापन शनिवार को हुआ। टिनन एडवेंचर स्पोर्ट्स क्लब की ओर से आयोजित पुरूष वर्ग के जूनियर एवं सीनियर जेंट सलालम स्की मुकाबले आयोजित किए गए। प्रतियोगिता के समापन समारोह की अध्यक्षता उपायुक्त लाहौल-स्पीति विवेक भाटिया ने की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यहां पर अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्की स्लोब मौजूद हैं।
उन्होंने कहा कि रोहतांग टनल खुलने के साथ ही जिला में पर्यटकों की तादाद में इजाफा होगा। इस दिशा में यहां साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन एक मास्टर प्लान तैयार कर टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए प्रयारत रहेगा। टिनन एडवेंचर स्पोर्ट्स क्लब गौंधला की ओर से युवा प्रतिभाओं को निखारने के लिए कोकसर में दो दिवसीय स्कीइंग प्रतियोगिताओं के मुकाबले का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता के जूनियर जेंट सलालम में वाईएफसी क्लब केलांग के नौरबू ने पहला स्थान झटका। गौंधला के ऋषभ डोगरा द्वितीय और जाहलमा के सिद्घार्थ यंबा तीसरे स्थान पर रहे।
सीनियर जेंट सलालम में बरगुल के दीपक प्रथम, बीपीएल क्लब के वांज्ञाल द्वितीय और वाईएफसी क्लब केलांग के जंग्पो तीसरे स्थान पर रहे। एक अन्य सीनियर जेंट सलालम में वाईएफसी क्लब केलांग के जंग्पो ने पहला, बीपीएल क्लब के वांज्ञाल ने दूसरा और बरगुल के दीपक ने तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के समापन समारोह के बीच टिनन घाटी के लिए विशेष शीतकालीन टैक्सी सेवा देने पर टैक्सी ऑपरेटर नौरबू को सम्मानित किया गया। टिनन एडवेंचर स्पोर्ट्स क्लब के प्रधान रोशन लाल ने कहा कि प्रतियोगिता में पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे प्रतिभागियों को पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस मौके पर एसडीएम केलांग सुरजीत सिंह राठौर, एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना अधिकारी डॉ मुरारी लाल शर्मा मौजूद रहे।