कुल्लू/बंजार (कुल्लू)। सब्जी मंडी शाट में जल्द ही दुकानों का आवंटन व्यापारियों को कर दिया जाएगा और आवारा पशुओं की समस्या से निपटने के लिए फेंसिंग की भी व्यवस्था की जाएगी। राजस्व, बागवानी, और जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने रविवार को शाट में एपीएमसी के मार्केट यार्ड का निरीक्षण किया।
शाट पहुंचने पर आढ़ती संघ शाट के पदाधिकारियों और सदस्य ने उनका भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने भुंतर के तेगुबेहड़ में नवनिर्मित पैकिंग ग्रेडिंग हाउस का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पैकिंग ग्रेडिंग हाउस में सेब और अनार की उच्च तकनीक वाली मशीनों के द्वारा पैकिंग और ग्रेडिंग करने की सुविधा जल्द ही बागवानों को उपलब्ध होगी। वर्ल्ड बैंक की सहायता से लगभग 588 करोड़ रुपये की लागत से इस पैकिंग ग्रेडिंग भवन को स्थापित किया गया है। जहां आधुनिक मशीनों द्वारा फलों की पैकिंग और ग्रेडिंग की सुविधा किसानों को उपलब्ध होगी।
इससे पूर्व उन्होंने मौहल में लोगों की समस्याएं भी सुनी। वहीं, दूसरी ओर बजौरा में बागवानी मंत्री को 14 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया। जिसमें लारजी में सीए स्टोर, सब्जी मंडी बंजार में मार्केट यार्ड निर्माण के लिए पर्याप्त बजट आवंटित, 620 बागवानों की सब्सिडी रिलीज करने, उद्यान विकास अधिकारी कार्यालय बंजार में 6 रिक्त पदों को भरने आदि की मांग की गई।