न्यूली (कुल्लू)। सैंज जलविद्युत परियोजना (100 मेगावाट) के बांध से 31 अगस्त को सिल्ट फ्लशिंग की जाएगी। परियोजना प्रबंधन ने इस संबंध में सार्वजनिक सूचना जारी कर स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
परियोजना के डीजीएम मनीष चौधरी ने बताया कि 31 अगस्त को सुबह 5 बजे से शाम 5 बजे तक सिल्ट फ्लशिंग की प्रक्रिया चलेगी। इस दौरान परियोजना में विद्युत उत्पादन पूरी तरह बंद रहेगा।
बांध के ऊपरी क्षेत्र से आने वाले पानी को सीधे सैंज नदी में छोड़ा जाएगा, जिससे नदी का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। उन्होंने लोगों से सुरक्षा के मद्देनजर सैंज नदी और इसके आसपास के जल-प्रभावित क्षेत्रों में न जाने की अपील की है। साथ ही मवेशियों को भी नदी से दूर सुरक्षित स्थानों पर रखने को कहा है, ताकि किसी भी प्रकार की जान-माल की हानि से बचा जा सके। संवाद