कुल्लू के बिजली महादेव मंदिर में देवता बिजली महादेव और माता पार्वती के देवरथ पहुंचे।
कुल्लू। धार्मिक स्थल बिजली महादेव में शनिवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने बिजली महादेव के दर्शन किए। बिजली महादेव में सावन माह के अवसर पर होने वाले जाप का पूर्णाहुति के साथ समापन हुआ। पूर्णाहुति के लिए देवता बिजली महादेव और माता पार्वती चौंग भ्रैंण गांव से ढोल, नगाड़े और नरसिंगों की स्वरलहरियों के बीच बिजली महादेव पहुंचे।
शिव शक्ति को एक साथ देखकर श्रद्धालु नतमस्तक हुए। श्रद्धालुओं ने शिव शक्ति से आशीर्वाद लिया। सावन महीने में बहुत ही कम मौकों पर शिव शक्ति को एक साथ देखा जाता है। बिजली महादेव में दर्शन के लिए आए श्रद्धालु भीम कटोच, रिंकू ने कहा कि वे बिजली महादेव आए थे। यहां पर बिजली महादेव और माता पार्वती के दर्शन कर उन्हें सुखद अनुभूति हुई है। उन्होंने कहा कि मंदिर में दिनभर श्रद्धालु दर्शन के लिए आते रहे। बिजली महादेव में सावन महीने के चलते इन दिनों माहौल भक्तिमय बना हुआ है। संवाद
000