धरोहर गांव नग्गर के माहिली बिहाल में खुदाई के दौरान शिवलिंग मिला है। अब इस शिवलिंग के दर्शन के लिए रोजाना लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। श्रद्धालु दूध और मक्खन का चढ़ावा लेकर सुबह शाम यहां पहुंच रहे हैं। बताया जा रहा है कि यहां पर हर रोज रेत निकालने वाले खुदाई करते थे।
एक दिन खुदाई के दौरान यह शिवलिंग प्रकट हुआ। शिवलिंग मिलने की यह खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई और इस जगह पर लोगों का हजूम उमड़ने लगा। लरां केलो के संजय नेगी, सोनू, चंद्रमोहन, गोपाल, अजय, शेर सिंह और अमर ने बताया कि यह शिवलिंग बेहद प्राचीन काल का प्रतीत हो रहा है। देखने से ऐसा लगता है यहां किसी जमाने में यहां पर मंदिर हुआ करता होगा।
वहीं स्थानीय लोगों का यह भी मत है कि अब इस स्थान पर खनन बंद होने बाद यहां पर एक भव्य शिव मंदिर का निर्माण किया जाएगा। शिवरात्रि के दिन पूजा अर्चना की जाएगी और शिवलिंग की प्रतिष्ठा के लिए यज्ञ का आयोजन किया जाएगा।