नित्थर (कुल्लू)। बूढ़ा महादेव मंदिर नित्थर में शिव महापुराण मंगलवार को देव विदाई के साथ संपन्न हुआ। सैकड़ों लोगों ने मंदिर में शीश नवाया और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया। धार्मिक अनुष्ठान में 11 देवी-देवताओं ने भाग लिया। ये देवी-देवता आनी, निरमंड और करसोग से पहुंचे थे।
विज्ञापन
अनुष्ठान में नित्थर समेत कई क्षेत्रों के लोगों ने भाग लिया। इस दौरान मंदिर में कथा वाचक जय चंद वशिष्ठ ने भगवान शिव की कथा सुनाई। हर दिन भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। बूढ़ा महादेव मंदिर कमेटी के कारदार कर्मचंद ठाकुर ने कहा कि इस आयोजन में नित्थर के सभी गांव का सहयोग रहा।
खासकर, युवाओं ने मेहनत से कार्यक्रम को सफल बनाया। साथ में सभी श्रद्धालुओं का सहयोग मंदिर के लिए बेहतरीन रहा। यह आयोजन क्षेत्र की खुशहाली और समृद्धि के लिए किया गया, जिसमें सभी का प्रयास सराहनीय रहा है। इस तरह के सहयोग से धार्मिक आयोजन करने की प्रेरणा मिलती है।