कुल्लू। जिले के प्रवेशद्वार भुंतर के साथ लगतीं चार पंचायतों की करीब 5000 आबादी को जल्द बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी। ग्राम पंचायत बड़ा भुईन, नरैश, बशौणा और शिल्हीहार के हजारों ग्रामीणों का सड़क के चकाचक होने से सफर सुगम बनेगा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना चरण-4 के तहत शिल्हीहार-त्रेहण-नरोगी सड़क को संवारा जाएगा। इस सड़क की टारिंग, क्रेटवाल और कल्वर्ट आदि के कार्य पर 6.70 करोड़ रुपये का बजट खर्च किया जाएगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर दी है और जल्द इसका कार्य शुरू कर दिया जाएगा। त्रेहण से नरोगी तक करीब पांच किलोमीटर लंबी सड़क को सुधारा जाएगा।
गौरतलब है शिल्हीहार-त्रेहण-नरोगी सड़क त्रेहण से नरोगी तक कच्ची है, जिसके कारण ग्रामीणों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बारिश के कारण सड़क पर फिसलन बढ़ने से हादसे का डर बना रहता है लेकिन अब लोक निर्माण विभाग ने सड़क को चकाचक करने का प्लान तैयार किया है और इसकी सभी विभागीय औपचारिकताएं पूर्ण कर दी हैं। सड़क को पक्का करने के साथ प्रभावित क्षेत्रों में क्रेटवाल और कल्वर्ट बनाने का काम भी किया जाएगा ताकि सड़क को किसी तरह से क्षति न पहुंचे। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता विवेक गौतम ने कहा कि टेंडर प्रक्रिया पूरी कर दी गई है और मौसम साफ होते ही टारिंग का कार्य शुरू किया जाएगा।
किसानों को मंडी तक उत्पाद पहुंचाने में होगी आसानी
कच्ची सड़क के कारण ग्रामीणाें को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है लेकिन अब सड़क की टारिंग होने से सुविधा मिलेगा। इसके अलावा किसानों-बागवानों को अपनी फसलों को सुरक्षित मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी। इससे पहले फल और सब्जी के सीजन में कच्ची सड़क बाधा बनती आई है और किसानों-बागवानों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा था। ग्रामीणों आलम चंद, सोहन लाल, मोहर सिंह, अशोक कुमार, ललित, देव चंद आदि ने कहा कि सड़क की टारिंग होने से सफर सुगम बनने के साथ फसलों को सब्जी मंडी तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी।