उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय त्रिलोकनाथ में आयोजित 54वीं जिला स्तरीय अंडर-19 छात्रा वर्ग की खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता वीरवार को संपन्न हुई। समापन समारोह में विधायक अनुराधा राणा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विभिन्न स्पर्धाओं के विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र, पदक और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
खेलकूद प्रतियोगिताओं में वॉलीबाल में तिंदी विजेता और उदयपुर उपविजेता रहा। खो-खो में तिंदी ने पहला और शकोली ने दूसरा स्थान हासिल किया। कबड्डी में शकोली विजेता और तिंदी उपविजेता रहा। बैडमिंटन में गोंधला ने पहला और गोशाल ने दूसरा स्थान हासिल किया। टेबल टेनिस में गोंधला विजेता और मयाड उपविजेता रहा। शतरंज में केलांग ने पहला और गोंधला ने दूसरा स्थान हासिल किया।
योग में तिंदी विजेता और थिरोट उपविजेता रहा। सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में लोकनृत्य में शकोली प्रथम और तिंदी द्वितीय रहा। समूहगान में शकोली विजेता रहा, जबकि तिंदी और केलांग ने उपविजेता स्थान हासिल किया। वाद्य यंत्र प्रतियोगिता में शकोली प्रथम और त्रिलोकनाथ द्वितीय रहा। विभिन्न स्पर्धाओं में प्रदर्शन के आधार पर सर्वश्रेष्ठ विद्यालय का पुरस्कार शकोली को दिया गया।
विधायक अनुराधा राणा ने छात्राओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में अच्छा इंसान बनना सबसे जरूरी है। उन्होंने जिला स्कूली क्रीड़ा संघ लाहौल-स्पीति के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की। समारोह में शिक्षा उपनिदेशक लाहौल नवनीत ठाकुर, सहायक जिला परियोजना अधिकारी विनोद कुमार और जिला कांग्रेस अध्यक्ष दोरजे लारजे सहित अन्य लोग मौजूद रहे। संवाद