कुल्लू महाविद्यालय में पहुंचा अखिल भारतीय उत्तरी भारत राज्य जत्था। उसके बाद प्रदर्शन के माध्यम
- फोटो : Kullu
कुल्लू। स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुल्लू में एसएफआई ने केंद्र सरकार और नई शिक्षा नीति के खिलाफ प्रदर्शन किया। शिक्षा नीति के खिलाफ अखिल भारतीय उत्तरी भारत राज्य जत्था कुल्लू पहुंचा।
एसएफआई के कार्यकताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद कुल्लू कॉलेज में प्रदर्शन कर शिक्षा नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अखिल भारतीय सहसचिव दिनित ने कहा कि सरकार की ओर से लागू राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत शिक्षा व्यवस्था को खोखला किया जा रहा है। इसे गैर लोकतांत्रिक तरीके से संसद में बिना चर्चा किए पास किया गया और हिमाचल इसे लागू करने वाला पहला राज्य है।
इसके अलावा राज्य सचिव अमित ठाकुर ने कहा कि देश और प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी की सरकारें शिक्षा के बजट को कम रही हैं जबकि पीटीए के नाम पर विद्यार्थियों से भारी भरकम फीस ली जा रही है। दुर्भाग्य इस बात का है कि दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश होने के बावजूद समाज के शिक्षित वर्ग को अपने प्रतिनिधि को चुनने का अधिकार नहीं है।
सरकार को सस्ती और सुदृढ़ शिक्षा व्यवस्था लागू करनी चाहिए थी लेकिन सरकार ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को थोप कर शिक्षा व्यवस्था को कमजोर किया है। इस अवसर पर राज्य अध्यक्ष रमन थारटा, कमेटी सदस्य रिंपल चौहान, कुल्लू इकाई अध्यक्ष आर्यन, सचिव सुनील ठाकुर आदि उपस्थित रहे।