कुल्लू। जिले में रविवार की रात खूब अंधड़ चला। इस दौरान बारिश भी हुई। अंधड़ के कारण सरकारी और निजी संपत्ति को नुकसान हुआ है। वहीं, प्रारंभिक शिक्षा विभाग के सात विद्यालय भी इसकी चपेट में आए हैं। शिक्षा खंड कुल्लू-एक और शिक्षा खंड कुल्लू-दो में नुकसान की सूचना है। विद्यालयों की छतें, भवन और सुरक्षा दीवार धराशायी हुई हैं। इसके कारण कहीं खाना और तो कहीं नौनिहालों की कक्षाएं खुले आसमान के नीचे लगी हैं।
शिक्षकों ने नौनिहालों की सुरक्षा को देखते हुए मजबूरन कक्षाएं बाहर लगाईं। रविवार की रात करीब 2:30 से 5 बजे तक चले अंधड़ और बारिश के कारण शिक्षा खंड कुल्लू-एक के तीन और कुल्लू-दो के चार विद्यालयों को नुकसान पहुंचा है। कुल्लू-एक के राजकीय प्राथमिक विद्यालय पचाहली की सुरक्षा दीवार, शोगी की रसोई भवन की छत और डाबरी में बरामदा और छत क्षतिग्रस्त हुई है।
इसके अलावा कुल्लू-दो के राजकीय उच्च विद्यालय लोट में भवन, रसोई और शौचालय, राजकीय प्राथमिक विद्यालय कडीगचा की छत, नथान में शौचालय और रोपड़ी के विद्यालय भवन की छत क्षतिग्रस्त हुई है। इस संबंध में प्रारंभिक शिक्षा विभाग के उपनिदेशक डॉ. सुनील दत्त ठाकुर ने कहा कि अंधड़ और बारिश से सात विद्यालयों में नुकसान की सूचना हैं। इसके अलावा पांच अन्य शिक्षा खंडों नग्गर, बंजार, सैंज, आनी और निरमंड में नुकसान नहीं हुआ है। संवाद