कुल्लू। जिला परिषद और पंचायत चुनावों के लिए नामांकन का दौर शुरू हो गया है। जिला परिषद (जिप) सदस्य के लिए उपमंडलाधिकारी कुल्लू के कार्यालय में तीन वार्डों से वीरवार को सात नामांकन पत्र दाखिल किए गए। बंजार एसडीएम कार्यालय में दो वार्डों के लिए चार उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरे। उम्मीदवार अपने-अपने समर्थकों के साथ उपमंडलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और नामांकन पत्र भरे।
जिला मुख्यालय कुल्लू में भरे गए नामांकन में मौहल वार्ड से पूर्व मंत्री ठाकुर सत्य प्रकाश की पत्नी प्रेम लता ठाकुर ने चार नामांकन पत्र दाखिल किए। प्रेम लता ठाकुर इससे पहले दो बार 2010 और 2015 में बल्ह वार्ड से जिला परिषद सदस्य रह चुकी हैं। 2020 में यह वार्ड एससी पुरुष के लिए आरक्षित हो गया था। इस बार महिला के लिए आरक्षित होने के कारण प्रेम लता ठाकुर ने एक बार फिर से चुनावी मैदान में कदम रखा है। जरड़-भुट्टी काॅलोनी से चौबे राम और केशव कुल्लवी ने नामांकन पत्र भरा। इसके साथ ही जेष्ठा वार्ड से कमलेश शर्मा ने अपना नामांकन पत्र भरा है। एसडीएम कुल्लू निशांत ठाकुर का कहना है कि उनके पास वीरवार को जिला परिषद के लिए सात नामांकन पत्र मिले हैं।
उपमंडलाधिकारी कार्यालय बंजार में धाउगी वार्ड से गिरधारी लाल, बाल कृष्ण और तुलसी कृष्ण ने नामांकन पत्र भरा जबकि बलागाड़ से कांता देवी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके अलावा मनाली में जिप के लिए पहले दिन किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन नहीं भरा।