व्यापार मंडल कुल्लू कार्यकारिणी की बैठक में भाग लेते व्यापारी। स्त्रोत स्वयं ।
कुल्लू। इनर अखाड़ा बाजार में भूस्खलन के खतरे को देखते हुए व्यापार मंडल ने जल्द सुरक्षा दीवार के निर्माण की मांग उठाई है। इस संबंध में व्यापार मंडल कुल्लू की कार्यकारिणी की विशेष बैठक वीरवार को विपाशा मार्केट स्थित कार्यालय में आयोजित की गई। इसमें व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष मदन लाल सूद ने बताया कि कुल्लू शहर के सरवरी और इनर अखाड़ा क्षेत्रों में लोग भूस्खलन के डर के साये में जीवन यापन कर रहे हैं। विशेषकर बरसात के मौसम में अखाड़ा क्षेत्र के लोगों को अपने घर छोड़कर अन्य स्थानों पर रहने के लिए मजबूर होना पड़ता है। उन्होंने विधायक सुंदर ठाकुर से आग्रह किया है कि यहां सुरक्षा दीवार का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाए।
बैठक के दौरान कार्यकारिणी ने सरकार से कुल्लू में मेडिकल कॉलेज खोलने की मांग भी उठाई। इससे न केवल कुल्लू जिला बल्कि लाहौल, पांगी, बंजार, आनी और स्नोर घाटी के लोगों को भी लाभ मिलेगा। इसके अलावा व्यापारियों से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की गई और उनके समाधान को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में मुख्य संरक्षक दिनेश सेन, संरक्षक सदस्य राजेंद्र प्रसाद, उपाध्यक्ष इंद्र चावला, जगदीश बंगा, सुबोध सूद आदि सदस्य उपस्थित रहे।
पीपल मेले को लेकर व्यापारियों को राहत
अध्यक्ष मदन लाल सूद ने बताया कि व्यापार मंडल ने सदर विधायक और जिला प्रशासन के समक्ष पीपल मेले की अवधि को सीमित करने की मांग उठाई थी, जिसे प्राथमिकता के आधार पर स्वीकार कर लिया गया है। इसके तहत इस वर्ष पीपल जातर मेला 28 अप्रैल से 15 मई तक आयोजित किया जाएगा। इस निर्णय पर व्यापारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। संवाद