कुल्लू-मनाली के पर्यटन कारोबार में उछाल आने से सीटों के लिए यात्री परेशान
साधारण बसों में करना पड़ रहा सफर, लग्जरी बसों में नहीं हो रही बुकिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले में इस बार पर्यटन सीजन का असर नए साल के बाद भी साफ दिखाई दे रहा है। जनवरी के पहले सप्ताह में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने से कुल्लू-मनाली रूट पर चलने वाली लग्जरी वोल्वो बसें पहले ही एडवांस बुक हो चुकी हैं जिससे यात्रियों को सीटों के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
क्रिसमस और नववर्ष के बाद भी पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है। पिछले वर्ष के मुकाबले इस साल जनवरी के पहले सप्ताह में पर्यटकों की आमद काफी बढ़ी है। कुल्लू-मनाली घूमने आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को लग्जरी बसों में सीटें नहीं मिल रही हैं। सवारियों को सीटों के लिए परेशान होना पड़ रहा है। परिवहन निगम और निजी वोल्वाे बसों की पहले से ही एडवांस बुकिंग चल रही है।
गौरतलब है कि हिमाचल पथ परिवहन निगम और निजी वोल्वो बसों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए ऑनलाइन सीट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है। ऐसे में सवारियां अपनी सीट बुकिंग ऑनलाइन कर रहे हैं लेकिन पर्यटकों की संख्या अधिक और बसों की संख्या कम होने से उन्हें सीटें नहीं मिल रही हैं। ऐसे में मजबूरन साधारण बसों में सवारियों को सफर करना पड़ रहा है। दिल्ली के पर्यटक सौरव, शानवी शर्मा, अंशुल और मोनिका ने कहा कि उन्होंने मनाली में वोल्वो बस में सफर करना था लेकिन ऑफलाइन जानकारी ली तो कहा गया कि ऑनलाइन बुकिंग करवा लें लेकिन ऑनलाइन सभी सीटें बुक थीं। उत्तर प्रदेश के मनोहर, अशोक और ऋत्विक ने कहा कि उन्हें भी परिवहन निगम और निजी वोल्वो बसों में सीटें नहीं मिलीं। ऐसे में उन्हें अब मनाली से साधारण बसों में वापस लौटना पड़ रहा है। उधर, हिमाचल पथ परिवहन निगम के अंतर राज्यीय बस अड्डा कुल्लू प्रभारी खूब राम ने कहा कि सवारियों को संख्या एकाएक बढ़ी है जिससे लग्जरी बसों की मांग अधिक है।