कुल्लू। जिले में जिन निजी स्कूल प्रबंधनों ने नवीनीकरण नहीं करवाया है, वे नए सत्र के लिए बच्चों को प्रवेश नहीं दे सकेंगे। शिक्षा विभाग नवीनीकरण न करवाने वाले स्कूल प्रबंधनों पर कार्रवाई करेगा। इन स्कूलों का निरीक्षण किया जाएगा और खामियां मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। जिले में करीब 15 से 20 स्कूल ऐसे हैं, जिन्होंने नवीनीकरण के लिए आवेदन अभी तक नहीं किया है। ऐसे में इन स्कूल प्रबंधनों को विभाग नोटिस जारी करने की तैयारी में है।
निजी स्कूल प्रबंधनों को नवीनीकरण के लिए हर साल सितंबर में खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी (बीईईओ) कार्यालय में आवेदन जमा करवाने होते हैं। उसके उपरांत शिक्षा विभाग स्कूल में बच्चों को मिलने वाली शिक्षा की गुणवत्ता के अलावा आधुनिक व्यवस्थाओं को जांचता है। बच्चों से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं सही पाए जाने पर ही स्कूल का नवीनीकरण किया जाता है। कई स्कूल ऐसे हैं जिन्होंने अभी तक नवीनीकरण के लिए आवेदन नहीं किया है।
प्रारंभिक शिक्षा विभाग के उपनिदेशक सुरजीत सिंह राव ने कहा कि जिस स्कूल प्रबंधन ने नियमानुसार नवीनीकरण के लिए आवेदन नहीं किया है, वे अपने स्कूल में बच्चों को प्रवेश नहीं दे सकते। उन्होंने कहा कि नवीनीकरण के लिए आवेदन न करने वाले स्कूलों पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद