जिला स्तरीय कार्यक्रम में 3,000 युवाओं ने किया पंजीकरण
31 अक्तूबर को ढालपुर में होगा रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150 जयंती पर जिला स्तरीय कार्यक्रम सरदार 150 यूनिटी मार्च का आयोजन बंजार कॉलेज में एक नवंबर को होगा।
इसमें स्कूल, कॉलेज अन्य शैक्षणिक संस्थानों के अलावा महिला, युवक मंडल भाग लेंगे। यह पदयात्रा बंजार कॉलेज से शुरू होगी और करीब 7 से 8 किलोमीटर का सफर कर बंजार बाजार में संपन्न होगी। यह बात पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कुल्लू में पत्रकार वार्ता में कही।
उन्होंने कहा कि एक भारत, आत्मनिर्भर भारत थीम पर होने वाले कार्यक्रम में मंडी की सांसद कंगना रणौत भी शामिल होंगी। इस दौरान मौजूद लोगों और विद्यार्थियों को सरदार पटेल की जीवनी से अवगत करवाया जाएगा। इसके लिए हिमाचल में अभी तक 61,644 और कुल्लू में 3,000 से अधिक विद्यार्थियों ने माई भारत पोर्टल में पंजीकृत किया गया है। अगर युवा इसमें भाग लेना चाहते हैं तो वे माॅय भारत पोर्टल में पंजीकरण करवा सकते हैं।
गोविंद ठाकुर ने कहा कि इससे पहले जिला भाजपा 31 अक्तूबर को ढालपुर में रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम करवाएगी। इसमें युवा कुल्लू के रामबाग से ढालपुर तक दौड़ लगाएंगे। 31 अक्तूबर से 25 नवंबर तक जिलों में पदयात्राएं निकाली जाएंगी। स्कूलों और कॉलेजों में कई तरह कार्यक्रम होंगे। अगले चरण में हर विधानसभा में पदयात्राएं शुरू की जाएंगी। इस मौके पर बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी, नरोतम ठाकुर, भीमसेन शर्मा, आदित्य विक्रम सिंह, नवल नेगी, नैना शर्मा मौजूद रहीं।