कुल्लू। जिला कुल्लू और मंडी के बीच किरतपुर-मनाली हाईवे बार-बार भूस्खलन के कारण अवरुद्ध होने से मरीजों के उपचार में देरी हो रही है। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू समेत पांच नागरिक अस्पतालों, सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में लिए गए सैंपल मेडिकल कॉलेजों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। इससे मरीजों का मर्ज कम होने के बजाय बढ़ता जा रहा है। सैंपल कुल्लू से प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों के अलावा चंडीगढ़, पुणे तक पहुंचाने में स्वास्थ्य विभाग और निजी कंपनी क्रस्ना के कर्मियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि अधिकतर सैंपल की जांच क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में ही पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मोड पर चल रही क्रस्ना प्रयोगशाला में होती हैं लेकिन कुछ सैंपल को प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों के अलावा चंडीगढ़ और पुणे भेजना पड़ता है। हाईवे बार-बार बंद होने से सैंपल प्रयोगशालाओं तक समय पर नहीं पहुंच रहे हैं। इससे मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रिपोर्ट के लिए कई दिनों का इंतजार करना पड़ रहा है। इस संबंध में क्रस्ना प्रयोगशाला के प्रभारी सुदेश ने कहा कि मरीजों की सैंपल जांच कुल्लू में ही अधिक हो, इसका पूरा प्रयास जारी है। उन्होंने कहा कि कुछ सैंपल ही बाहर भेजे जा रहे हैं। मरीजों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।