कुल्लू के ढालपुर मैदान में फुटबॉल मैच के दौरान दम खम दिखाते खिलाड़ी.संवाद
कुल्लू। ढालपुर खेल मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय मानसून सॉकर फेस्ट फुटबाल चैंपियनशिप रविवार देर शाम संपन्न हो गई। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में साई कांगड़ा की टीम ने जिला मंडी को पेनल्टी शूटआउट में 7-6 से हराकर खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को 51 हजार रुपये और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 31 हजार रुपये एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। तीसरे स्थान पर रही डीएफए कुल्लू की टीम को 11 हजार रुपये का नकद पुरस्कार और ट्रॉफी दी गई।
फाइनल मुकाबला साई कांगड़ा और मंडी के बीच बेहद रोमांचक रहा। निर्धारित 70 मिनट के खेल में दोनों टीमें एक-दूसरे के खिलाफ गोल नहीं कर सकीं। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट में साई कांगड़ा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मंडी को 7-6 से मात दी।
समापन समारोह में नगर परिषद कुल्लू के पूर्व अध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, जिला कुल्लू फुटबाल संघ के महासचिव पवन ठाकुर ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट किया। प्रदेशभर से 14 टीमों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। संवाद