कुल्लू। जिला मुख्यालय में सब्जी की दुकानों से मूल्य सूची गायब पाई गई है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षण दल ने सोमवार को कुल्लू शहर में फल एवं सब्जी की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में टीम ने दुकानों में कई खामियां पाईं। टीम ने हिमाचल प्रदेश वस्तु मूल्यांकन एवं प्रदर्शन आदेश, 1977 तथा हिमाचल प्रदेश जमाखोरी व उन्मूलन आदेश, 1977 के अंतर्गत कमियां मिलने पर कुल्लू शहर में विक्रेताओं पर कार्रवाई कर जुर्माना वसूला है।
टीम ने फल व सब्जी की 13 दुकानों का निरीक्षण किया, जिनमें से 11 दुकानों में कारोबारियों की ओर से मूल्य सूची प्रदर्शित नहीं की गई थी। ऐसे में टीम ने हिमाचल प्रदेश वस्तु मूल्यांकन एवं प्रदर्शन आदेश, 1977 के अंतर्गत कार्रवाई की। उपरोक्त दुकानों से लगभग 18,920 रुपये मूल्य की छह क्विंटल 19 किलोग्राम सब्जियां जब्त की गईं।
इसके अलावा नियमों के उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ विभाग द्वारा आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। जिला नियंत्रक पवन कुमार ने कहा कि उपभोक्ताओं की सेहत के साथ खिलवाड़ सहन नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगामी समय में कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि सोमवार को निरीक्षण दल ने 11 दुकानों में हिमाचल प्रदेश वस्तु मूल्यांकन एवं प्रदर्शन आदेश, 1977 का उल्लंघन पाया गया। उन्होंने व्यापार मंडल और दुकानदारों से अपील की है कि वे अपनी दुकान पर मूल्य सूची प्रदर्शित करें, ताकि उपभोक्ताओं को खरीदारी करते समय असुविधा का सामना न करना पड़े।
0000