कुल्लू। जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में ढालपुर मैदान में रविवार को खेले गए दो मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को क्रिकेट के रोमांच का आनंद दिलाया। पहले मैच में सचाणी की टीम ने डीपी किंग्स को हराकर जीत दर्ज की, जबकि दूसरे मुकाबले में राइजिस क्रिकेट क्लब ने दबहरू इलेवन को मात दी।
पहले मैच में सचाणी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 17.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 120 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीपी किंग्स की टीम निर्धारित लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाई और 18 रन से मुकाबला हार गई। इस तरह भूषण टेंट हाउस सचानी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच अपने नाम किया।
दूसरे मुकाबले में दबहरू इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 169 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राइजिस क्रिकेट क्लब की टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 17.5 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाकर मुकाबला छह विकेट से जीत लिया।