भुंतर मंडी में पहुंचे राॅयल सेब को प्रतिकिलो 100 रुपये मिले दाम
आकार के हिसाब से मिल रहे दाम, रंग आने से अच्छे दाम की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। सेब सीजन अब धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ने लगा है। बागवानों ने रॉयल सेब का तुड़ान शुरू कर दिया है। भुंतर मंडी में अर्ली वैरायटी के बाद अब रॉयल सेब ने दस्तक दी है। मंडी में रॉयल सेब 100 रुपये प्रतिकिलो तक बिका। आकार के आधार पर 80 से 100 रुपये प्रतिकिलो तक रॉयल सेब बिक रहा है। कुल्लू जिले में सबसे अधिक रॉयल सेब के बगीचे हैं।
करीब दो सप्ताह से सेब की अर्ली वैरायटी ही मंडियों में पहुंच रही थी। राॅयल सेब में अब रंग आने लगा है, जिसके चलते बागवान इसे मंडियों में ला रहे हैं। आढ़तियों के अनुसार 10 अगस्त के बाद मंडियों में आने वाले सेब की खेप में इजाफा होगा। बागवान कमलेश कुमार, प्रदीप सिंह, तारा चंद, बहादर सिंह और मोती राम ने कहा कि पिछले साल शुरुआत दौर में बागवानों को रॉयल के 80 रुपये प्रतिकिलो दाम मिले थे। इस बार दाम 100 रुपये प्रतिकिलो तक पहुंच रहे हैं। शुरुआत में मांग ज्यादा रहती है।
कुल्लू में अधिकतर रॉयल सेब की ही पैदावार होती है। यह सेब काफी टिकाऊ होता है। यह जल्दी खराब नहीं होता है। स्वाद में भी बेहतर होता है। बागवानों को सीजन में अच्छे दाम मिलने की उम्मीद है। सब्जी मंडी भुंतर के आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान मानस कुमार सूद ने कहा कि अभी सेब आना शुरू ही हुआ है। आने वाले दिनों में सेब की खेप आएगी। बागवान सेब के तुड़ान में जल्दबाजी न करें, तैयार होने पर ही इसे मंडियों में लाएं।