आयुर्वेद एवं सहकारिता मंत्री कर्ण सिंह ने सोमवार को सैंज के गांव कोटला का दौरा किया। उन्होंने भीषण अग्निकांड के पीड़ितों का हालचाल पूछा तथा पुनर्वास कार्यों का जायजा लिया। इस अग्निकांड में करीब 25 करोड़ के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
उन्होंने कहा कि सभी प्रभावित परिवारों को प्रदेश सरकार की ओर से हरसंभव सहायता मुहैया करवाई जाएगी। प्रत्येक प्रभावित परिवार को फौरी राहत के रूप में 30-30 हजार रुपये की सहायता राशि दी जा रही है। प्रभावितों को एक माह के लिए मुफ्त राशन की व्यवस्था भी की गई है। पीड़ितों के लिए अस्थायी शैडों के निर्माण के लिए एनएचपीसी की मदद से 1800 चादरें दी जाएंगी। बंजार विधानसभा क्षेत्र के हर गांव में कम से कम एक बड़ा वाटर टैंक बनाया जाएगा ताकि इस तरह की घटनाओं की स्थिति में बचाव कार्य में आसानी हो।
कर्ण सिंह ने कहा कि कोटला गांव के लिए जल्द दो किलोमीटर लंबी नई सड़क बनाई जाएगी। वर्तमान सड़क की मरम्मत तथा रखरखाव के लिए तीन जेसीबी मशीन और पचास मजदूर युद्ध स्तर पर कार्य कर रहे हैं। बेघर परिवारों के पुनर्वास के लिए टीडी तथा अन्य नियमों में भी छूट दी जाएगी। राहत और बचाव कार्यों में एसएसबी, होमगार्ड तथा फायर ब्रिगेड के जवान अहम भूमिका निभा रहे हैं। ग्राम पंचायत लारजी के प्रधान ने प्रभावित परिवारों को 11 हजार रुपये दिए।