विक्रमादित्य बोले- पीएमजीएसवाई में हिमाचल में 1500 किमी सड़कों का निर्माण प्रस्तावित
टील सड़क के लिए 28 लाख मंजूर, शंचूल महादेव के मंदिर की पहली वर्षगांठ में हुए शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
बंजार (कुल्लू)। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चरण-4 में प्रदेश में 1500 किलोमीटर सड़कों का निर्माण प्रस्तावित है। दूरदराज इलाकों को सड़क सुविधा से जोड़ना प्राथमिकताओं में है।
पीएमजीवाई चरण-3 में बंजार की तीन सड़कें हैं। पिछले वर्ष अग्निकांड से प्रभावित हुआ तांदी गांव के लिए सड़क के निर्माण का टेंडर कर दिया है। विभाग को समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। यह बात लोक निर्माण विभाग और शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कही। उन्होंने वीरवार को बंजार की टील पंचायत के गांव बच्छूट में गढ़पति शंचूल महादेव टील में पूजा-अर्चना की। विक्रमादित्य शंचूल महादेव के भव्य मंदिर निर्माण की पहली वर्षगांठ पर कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। उन्होंने देवता के समक्ष शीश नवाया। बच्छूट गांव में पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि टील सड़क के लिए 28 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। टील से बच्छूट सड़क को भी स्टेट हेड में डाला गया है। इस कार्य को भी गति दी गई है। मंत्री ने राजकीय महाविद्यालय गाड़ागुशैणी के निर्मित भवन का निरीक्षण किया। कहा कि इस भवन के लिए बजट के प्रावधान के लिए मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से बात करेंगे। उन्होंने शाटाधार सड़क को ठीक करने के आदेश दिए। इस दौरान बंजार विधायक सुरेंद्र शौरी, एपीएमसी के अध्यक्ष राम सिंह मियां, चेत राम ठाकुर, सेस राम आजाद, पंचायत प्रधान हीरा सिंह, हरिचंद शर्मा, मान सिंह, कृष्ण ठाकुर, जिला परिषद सदस्य अरुणा ठाकुर, देवता कमेटी अध्यक्ष गोपी चंद और प्रेम सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।