बर्फबारी के कारण जलोडी दर्रा को पैदल पार करते लोग।-संवाद
- फोटो : Kullu
कुल्लू। एक मार्च को शुरू होने जा रही शिवरात्रि उत्सव के लिए बाह्य सराज के लोगों ने खूब तैयारियां की हैं। लोगों में शिवरात्रि उत्सव को लेकर खासा उत्साह है, लेकिन पिछले एक हफ्ते से लगातार हुई बर्फबारी और बारिश के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में पारंपरिक महाशिवरात्रि को मनाने के लिए अपने घर जाने वाले सैकड़ों लोग विभिन्न जगहों पर फंस गए हैं। ताजा बर्फबारी के कारण जलोड़ी दर्रा फिर अवरुद्ध हो गया है। ऐसे में जिला मुख्यालय कुल्लू, मनाली, बंजार, भुंतर और सैंज घाटी से शिवरात्रि उत्सव के लिए आनी सहित रघुपुर घाटी की ओर जाने वाले लोग नहीं जा सके हैँ।
उल्लेखनीय है कि जिला कुल्लू के बाह्य सराज आनी घाटी में महाशिवरात्रि उत्सव धूमधाम से मनाया जाता है। बताया जा रहा है कि एनएच-305 घियागी से आगे बर्फबारी से अवरुद्ध हो गया है। हालांकि रविवार को मौसम खुल गया है। ऐसे में अपने घर जाने वाले लोगों को उम्मीद थी कि व्ै सोझा तक फोर वाई फोर वाहनों से जा सकते हैं। लेकिन रविवार दोपहर तक एनएच-305 को बहाल करने का कार्य शुरू नहीं किया गया है। वहीं, दूसरी तरफ आनी के खनाग की ओर से हाईवे से बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया गया है।
.......
तीन फीट गिरी बर्फ, नहीं जा पाए गए
तेजराम, निक्का राम, जगदीश, हीरालाल, लालचंद, उगम राम, नार सिंह, संगत राम और दिलीप ठाकुर ने कहा कि उन्हें शिवरात्रि मनाने के लिए अपने घर जाना था, इसके लिए उन्होंने परिवार सहित तैयारियां की थीं। जलोड़ी दर्रा में दो से तीन फीट तक हुई ताजा बर्फबारी के कारण रविवार को नहीं जा सके। अगर हाईवे की बहाली का कार्य शुरू होता है तो सोमवार को घर जा सकते हैं। उन्होंने जिला प्रशासन और एनएच अथॉरिटी से मांग की है कि जलोड़ी दर्रा को बहाल करने का काम शुरू किया जाए। उधर, उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने कहा कि उन्होंने एनएच-305 सहित जिला भर में बर्फबारी और भूस्खलन से बंद हुए सड़कों को बहाल करने के निर्देश एनएच अथॉरिटी व लोक निर्माण विभाग को दे दिए हैं।
बॉक्स
15 किलोमीटर का पैदल सफर किया तय
बर्फबारी से लकदक हाईवे-305 यातायात के लिए पूरी तरह से ठप है। रविवार को शिवरात्रि उत्सव को देखते हुए करीब एक दर्जन से अधिक लोगों ने 15 किलोमीटर का पैदल रास्ता तय किया है। इन लोगों को घियागी से लेकर खनाग तक पैदल जाना पड़ा है।