कुल्लू। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सात सितंबर को होगी। बैठक की अध्यक्षता मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद कंगना रणौत करेंगी। बैठक की तैयारियों को लेकर सोमवार को बहुउद्देश्यीय भवन कुल्लू के सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सुरजीत सिंह राठौर ने की।
समीक्षा बैठक में जिले में केंद्र प्रायोजित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की विभागवार समीक्षा की गई। एडीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिशा की बैठक से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने योजनाओं की प्रगति से संबंधित अद्यतन जानकारी और आंकड़े तैयार रखने को कहा।
उन्होंने कहा कि केंद्र प्रायोजित योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। संबंधित अधिकारी अपने-अपने विभागों से जुड़ी योजनाओं की प्रगति और उपलब्धियों की पूरी जानकारी बैठक में प्रस्तुत करने के लिए तैयार रखें। संवाद