लाहौल का कुल्लू से कटा संपर्क, बिजली बाधित
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में शुक्रवार सुबह से ही बर्फबारी हो रही है। बर्फबारी के कारण घाटी में बिजली आपूर्ति बंद हो गई है।
घाटी की सभी संपर्क सड़क मार्गों के साथ केलांग अटल टनल, केलांग उदयपुर, दारचा शिंकुला सड़क बंद है जबकि घाटी में बिजली के 85 ट्रांसफार्मर भी बंद हो गए हैं। लाहौल का मनाली से संपर्क कट गया है।
जिले में अगले 48 घंटों के दौरान भारी बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार तेज हवाओं के साथ कुछ क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा गति वाली हवाएं चलने का अनुमान है। इससे ठंड बढ़ेगी और जन-जीवन प्रभावित हो सकता है। जिला प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सलाह दी है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें। वहीं, लाहौल में बर्फबारी के बाद लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। बिजली, सड़कें ठप होने के बाद लोग अपने घरों में ही कैद होकर रह गए हैं।