नग्गर (कुल्लू)। ऊझी घाटी के वामतट स्थित ठाकुर मुरलीधर चतुर्भुज मंदिर ठावा (नग्गर) में वसंत उत्सव मनाया। जिले में सुबह से बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहा।
नग्गर के ठावा में स्थित मंदिर तक पहुंचने से बर्फबारी भी श्रद्धालुओं को नहीं रोक पाई। मंदिर के कारदार और कमेटी के अध्यक्ष विधि चंद नेगी ने बताया कि इस बार बर्फ और बारिश होने के बावजूद श्रद्धालु वसंत उत्सव में भारी संख्या में पहुंचे।
मंदिर में देवता की पूजा विधि-विधान से की गई। उत्सव में राम-भरत मिलन की रस्म को निभाया गया जिसे देख हर कोई भावुक हो उठा। उत्सव में पांचवी बार हनुमान बने नारायण चंद ने बताया कि उनके खानदान से ही हनुमान बनने की रस्म निभाई जाती है। इसके पहले उनके पिता जी हनुमान बनते आए हैं। उन्होंने कहा कि उत्सव में श्रद्धालुओं को खिचड़ी का प्रसाद भी परोसा गया।