केलांग (लाहौल-स्पीति)। घाटी में आई आपदा के बाद मयाड़ घाटी में राहत एवं पुनर्वास कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है। उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अध्यक्ष किरण भड़ाना ने बताया कि प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल, बिजली और सड़क बहाली को प्राथमिकता दे रहा है।
उपायुक्त ने कहा कि जल शक्ति विभाग द्वारा प्रभावित गांवों में नल कनेक्शन और हैंडपंपों की व्यवस्था की गई है। वहीं, अस्थायी रोशनी उपलब्ध करवाने के लिए सोलर लाइटें स्थापित की गई हैं। नियमित पानी और बिजली आपूर्ति की दिशा में भी कार्य चल रहा है। संपर्क सड़कों की अस्थायी बहाली के लिए लोक निर्माण विभाग सक्रिय है। 3 से 4 दिनों में अस्थायी सड़क संपर्क बहाल कर दिया जाएगा जिससे किसानों की नगदी फसलों को उठाना सुनिश्चित हो सके। उपायुक्त ने कहा कि राहत कार्यों की निगरानी एसडीएम उदयपुर लगातार कर रहे हैं। प्रभावित गांवों में पानी, बिजली और सड़क बहाली की स्थिति का प्रतिदिन आकलन किया जा रहा है। विधायक अनुराधा राणा ने कहा कि किसानों की नगदी फसलों की खरीद और उठान सुनिश्चित करने में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से विशेष सहयोग का आग्रह भी किया जिस पर मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि प्रभावित क्षेत्रों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।