कुल्लू। जिले में एचआईवी एड्स को हराने के लिए विद्यालयों के रेड रिबन क्लब आगे आएंगे। क्लब के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग स्कूल, कॉलेज के विद्यार्थियों को एड्स के बारे में जागरूक करेगा। इसके अलावा लोगों खासकर युवाओं, ट्रक, बस, टैक्सी चालकों को एड्स के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस मुहिम में 20 विद्यालयों में स्थापित रेड रिबन क्लब अपनी अहम भूमिका निभाएंगे।
हाल ही में क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में जिले के 20 रेड रिबन क्लबों के एक-एक शिक्षक और दो-दो विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया गया है। अब ये शिक्षक और विद्यार्थी लोगों को एड्स रोग के नए पहलुओं और वर्तमान में इसकी स्थिति के बारे में जागरूक करेंगे, ताकि जिले को एचआईवी मुक्त बनाया जा सके।
लोगों खासकर युवाओं और किशोरों को नशे के दुष्प्रभावों से भी सजग किया जाएगा। नशे के सेवन से दूर रहने की शपथ दिलाई जाएगी। इस संबंध में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुरेश ने कहा कि जिले में तीन चरणों में एकीकृत स्वास्थ्य अभियान जारी है। प्रथम चरण में विभिन्न गांवों में जागरूकता सत्र, दूसरे चरण में मैराथन और तीसरे चरण में हाई रिस्क आबादी पर फोकस रहेगा।
......
जिले को एचआईवी एड्स और नशा मुक्त बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग विशेष जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित कर रहा है। इन कार्यक्रमों में विभिन्न विभागों के साथ रेड रिबन क्लब को भी शामिल किया गया है। एचआईवी और नशे पर चोट जागरूकता से होगी। इसके लिए सिर्फ विभाग ही नहीं आम जनता को भी आगे आना होगा।
-डॉ. रणजीत ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी
000