कुल्लू। हिमाचल पेंशनर्स फेडरेशन की कुल्लू ब्लॉक इकाई की बैठक शनिवार को शीतला माता मंदिर में हुई। बैठक की अध्यक्षता फेडरेशन के कुल्लू ब्लॉक अध्यक्ष जेएन शर्मा ने की। बैठक में पेंशनरों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई।
फेडरेशन के पदाधिकारियों और पेंशनरों ने सरकार की अनदेखी पर रोष जताते हुए अपने अधिकारों की लड़ाई के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया। फेडरेशन के प्रदेश महासचिव टीडी ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से राज्य संघर्ष समिति के साथ जल्द वार्ता करने का आग्रह किया गया है, ताकि पेंशनरों की लंबित मांगों पर चर्चा हो सके।
उन्होंने कहा कि करुणामूलक आधार पर आश्रितों को जल्द रोजगार प्रदान किया जाए, क्योंकि लंबे समय से कई आश्रित नौकरी की प्रतीक्षा कर रहे हैं। वहीं, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से एचआरटीसी पेंशनरों की पेंशन का भुगतान हर माह 10 तारीख से पहले सुनिश्चित करने की मांग की गई। पेंशन समय पर न मिलने से पेंशनरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
फेडरेशन ने उपायुक्त अनुराग चंद्र शर्मा से महासंघ के साथ बैठक करने का आग्रह भी किया। इसके अलावा शीतला माता मंदिर से लोरन और लोरन मोड़ से धर्म सभा तक सड़क को जल्द नो-पार्किंग जोन घोषित करने की मांग उठाई गई। लोक निर्माण विभाग से सड़क किनारे नालियों की मरम्मत और जिले में बंद पड़ी सड़कों को शीघ्र बहाल करने की अपील की गई।
बैठक में आरटीओ कुल्लू से ऑटो किराये की नई दरें जारी करने की मांग भी की गई। इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष पूर्ण देव शर्मा, हेमा शर्मा, संगठन सचिव रामकृष्ण, जय गोपाल शर्मा, एमके गुप्ता आदि मौजूद रहे। संवाद