कुल्लू में कोविड टेस्ट के लिए सैंपल भरती स्वास्थ्य कर्मी।-संवाद
- फोटो : Kullu
कुल्लू। जिला कुल्लू में कोरोना की तीसरी लहर के बीच चार संक्रमित मरीजों ने दम तोड़ा है। इसके बावजूद जिले में संक्रमण से ठीक होने की दर बेहतर बनी हुई है। कुल्लू में अब रिकवरी रेट 97 और 98 के बीच चल रहा है। वहीं, दो से 13 फरवरी तक 476 संक्रमितों ने कोरोना को हराया है।
बता दें कि 29 जनवरी को तीसरी लहर के बीच पहले संक्रमित मरीज की मौत हुई है। इसके बाद अब तक तीन और मरीज कोरोना से जिंदगी की जंग हार गए हैं। इन सभी मरीजों का उपचार क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में स्थापित डेडिकेटेड कोविड स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा था। हालांकि जिन कोरोना संक्रमित मरीजों की तीसरी लहर में मौत हुई है। इन सभी की उम्र 60 साल से अधिक रही है। जिला में कोरोना काल में कुल 164 मरीजों की मौत हो चुकी है।
उल्लेखनीय है कि स्वास्थ्य विभाग कुल्लू संक्रमण की रोकथाम के लिए प्रयास कर रहा है। पांचों स्वास्थ्य खंडों में स्थानीय लोगों समेत बाहर से आने वाले पर्यटकों व कामगारों के रोजाना सैंपल लिए जा रहे हैं। जिला के लोगों के रैपिड और बाहर से कुल्लू पहंच रहे सभी लोगों के आरटीपीसीआर सैंपल लिए जा रहे हैं।
फरवरी माह में 13 फरवरी तक विभाग ने जरी, नग्गर, बंजार, आनी और निरमंड में 2736 लोगों के रैपिड और आरटीपीसीआर सैंपल लिए हैं। जिनमें 285 की रिपोर्ट पॉजिटिव और 2451 सैंपल निगेटिव पाए गए हैं। जिला में पॉजिटिव आने के बजाय संक्रमित मरीज रोजाना अधिक संख्या में ठीक हो रहे हैं। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील चंद्र शर्मा ने कहा कि तीसरी लहर में चार कोरोना मरीजों की मौत हुई है, लेकिन संक्रमण से रिकवर होने की दर बढ़ी है।