जिभी वाटर फॉल के पास भी सड़क में आया नाले का मलबा, फंसे रहे सैलानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बंजार (कुल्लू)। उपमंडल बंजार की घियागी-सजवाड़ सड़क करीब दो घंटे तक बंद रही। खड्ड का पानी सड़क पर आने से वाहनों की आवाजाही थमी रही। वहीं जिभी वाटर फॉल के पास नाले का भारी मलबा जिभी-सेरी सड़क में आ गया। नाले का मलबा सड़क पर आने से पर्यटकों सहित स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
रविवार शाम करीब पांच बजे बारिश का सिलसिला शुरू हुआ। शाम छह बजे सजवाड़ खड्ड का पानी सड़क से बहने लगा। पिछले साल आपदा के दौरान यहां पर बना पुल बह गया है। इसके बाद कलवर्ट डालकर खड्ड से ही सड़क निकाली गई है। खड्ड का पानी बढ़ने से घरों को लौट रहे सजवाड़ और हिड़ब के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
वहीं जिभी वाटर फाॅल देखने गए पर्यटक भी दो घंटे तक फंसे रहे। जिभी वाटर फॉल के समीप नाले का मलबा सड़क पर आ गया। पर्यटक दो घंटे बाद ही बंजार की ओर लौट सके। सड़क बहाल होने के कारण लोगों ने राहत की सांस ली।
ग्रामीण बली राम, शुक्रू सिंह, कमलेश, प्रताप, टिकम सिंह, मान सिंह, जय सिंह आदि ने कहा कि घियागी-सजवाड़ सड़क में शांगथाच के पास पुल न होने की समस्या को लेकर ग्रामीण सोमवार को लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता कीर्तिमान ठाकुर से मिले हैं। ग्रामीणों की ओर से पुल का निर्माण करने की जल्द मांग की गई है। एसडीएम बंजार पंकज शर्मा ने कहा कि बरसात को लेकर लोक निर्माण विभाग को सड़कों को बहाल रखने के निर्देश दिए गए हैं। संवाद