उचित मूल्य की दुकान के नोटिस बोर्ड पर भी देनी होगी दुकान बंद रखने की जानकारी
दैनिक वेतन भोगी और दिहाड़ीदारों को राशन लेने में झेलनी पड़ रही थीं परेशानियां
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला कुल्लू में उचित मूल्य की दुकानें रविवार को खुली रहेंगी। ऐसे में उपभोक्ता छुट्टी वाले दिन को भी राशन ले सकेंगे। जिले में कई जगह रविवार को राशन डिपो बंद रखे जा रहे थे। इस कारण दैनिक वेतन भोगी और दिहाड़ीदारों को राशन लेने में परेशानियां झेलनी पड़ रही थीं।
उन्हें राशन लेने के लिए दिहाड़ी छोड़कर राशन डिपो जाना पड़ रहा था। इस तरह की शिकायतें आने के बाद जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक ने सूचना जारी कर दी है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार डिपो संचालक सोमवार को साप्ताहिक अवकाश कर सकेंगे।
जिले में राशन डिपो संचालक उचित मूल्य की दुकानों को किन्हीं कारणों के चलते बंद कर देते थे। इसकी सूचना विभाग को भी नहीं दी जाती थी।साथ ही राशन डिपो संचालक इसकी सूचना दुकान के बाद भी नहीं लगा रहे थे। इस कारण उपभोक्ताओं को डिपो बंद होने की जानकारी न होने के कारण बिना राशन लिए खाली हाथ लौटना पड़ रहा था। इस तरह की नियमों की अवहेलना की भी शिकायतें विभाग के पास पहुंची थीं।
उधर, इस बारे में खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के जिला नियंत्रक अरविंद्र शर्मा ने कहा कि उचित मूल्य की दुकानों के संचालकों को रविवार को दुकानें खुली रखने के निर्देश दिए गए हैं। इससे रविवार को छुट्टी के दिन दैनिक वेतन भोगी और दिहाड़ीदार श्रमिक भी राशन ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि उचित मूल्य की दुकान के संचालक सोमवार को दुकानें बंद रख सकते हैं। इस दिन अपना साप्ताहिक अवकाश लें। उन्होंने कहा कि जिले में कई जगह रविवार को उचित मूल्य की दुकानें बंद रहने की शिकायतें मिल रही थीं। कई डिपो संचालक दुकान बंद रखने की सूचना भी विभाग को नहीं दे रहे थे। न ही सूचना राशन डिपो के सूचना पट्ट में लगाई जा रही थी। रविवार को राशन डिपो खुले रखने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।