जिला में दो दिनों में हुई बारिश व तूफान से करोड़ों का नुकसान हुआ है। कुल्लू और बंजार उपमंडल में बारिश व तूफान से एक करोड़ 19 लाख की क्षति हुई है। जिला में तूफान से कई घरों की छतें उड़ने व घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। डीसी के आदेशानुसार बारिश व तूफान से हुए नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। बारिश से बंजार उपमंडल में 164 घरों को भी आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है। दो गौशालाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। वहीं बाढ़ से तीन घरों को भी नुकसान हुआ है। उपमंडल बंजार में तूफान से 80 घरों की छतें उड़ गईं। अब तक बारिश से बंजार उपमंडल में बारिश व तूफान के कारण 45 लाख का नुकसान हुआ।
बंजार की लगभग हर पंचायत में तूफान के कारण 80 मकानों को आंशिक रूप से नुकसान हुआ है। हालांकि इसमें किसी प्रकार के जानमाल का नुकसान नहीं है। वहीं कुल्लू सदर में कुल 84 घरों को आंशिक रूप से नुकसान हुआ है। जबकि कुल्लू सदर में कुल क्षति 74 लाख की हुई है। इसमें तीन घरों को बाढ़ के कारण, एक सड़क दुर्घटना भी शामिल है। सड़क दुर्घटना में दो लोग घायल और एक की मौत हो गई थी। आसमानी बिजली गिरने से 9 भेड़ों की मौत भी हुई है। वहीं आंधी तूफान से कुल्लू और भुंतर के कई इलाकों में लाखों का नुकसान हुआ है। इसके अलावा सेब, नाशपाती तथा अन्य गुठलीदार फलों पर ओले गिरने से बागवानों और किसानों को झटका लगा है। इस संबंध में एसडीएम सदर रोहित राठौर ने कहा कि बारिश और तूफान से 84 घरों को आंशिक रूप से नुकसान हुआ है। बारिश से 74 लाख 27 हजार का नुकसान का आकलन किया गया है। इस संबंध में एसडीएम बंजार एमआर भारद्वाज ने कहा कि बंजार उपमंडल में बारिश से अब तक 45 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।