गुप्त सूचना पर पुलिस की एसआईयू ने बजौरा के मशगां गांव में की कार्रवाई
विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर मामले की छानबीन में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। बजौरा के साथ लगते मशगां गांव में एसआईयू ने एक घर में छापा मारकर 100 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने एक महिला और एक युवती के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कुल्लू पुलिस की एसआईयू को चिट्टा के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने भुंतर थाना के तहत मशगां गांव में एक घर में छापा मारा।
पुलिस ने एक महिला और एक युवती के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। अब उनसे चिट्टा तस्करी को लेकर पूछताछ की जा रही है। घर में 100 ग्राम चिट्टा मिलने से पूरे बजौरा क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। इतनी मात्रा में मिले चिट्टा को लेकर पुलिस भी कड़ियां जोड़कर चिट्टा तस्कर को दबोचने की तैयारी कर रही है। बता दें जिले में आए दिन चिट्टा के कई मामले सामने आए हैं।
उधर, एएसपी कुल्लू संजीव चौहान ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों से पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने यह चिट्टा किससे खरीदा। इसे आगे किसे बेचा जाना था। पुलिस दोनों की कॉल डिटेल भी खंगाल रही है।